क्रॉसिंग्स रिपब्लिक में जीडीए के शिविर में आवंटियों ने किया विरोध
गाजियाबाद। इंटीग्रेटेड टाउनशिप योजना में गरीब के लिए बनाए गए ईडब्ल्यूएस व एलआईजी के आवंटियों को आवंटन-पत्र (पजेशन लेटर) देने के लिए लगाए गए शिविर में अधिकारियों को आवंटियों के विरोध का सामना करना पड़ा। पजेशन लेटर देने से पहले आवंटियों को आवास के बाकी बचे भुगतान को जमा करने को कहा गया। लेकिन पूरा पैसा जमा नहीं करने वाले लोगों को 2014 से अब तक कॉस्ट इंडेक्स के अनुसार बढ़े हुए पैसा जमा करने का आवंटियों ने विरोध किया।
ऐसे में आवंटियों को पजेशन लेटर देने केलिए लगाया गया शिविर पूरी तरह से सफल नहीं हो सका। लेकिन ईडब्ल्यूएस व एलआईजी का पूरा भुगतान कर चुके कई लोगों को पजेशन लेटर दिए गए। बता दें कि इंटीग्रेटेड टाउनशिप योजना के अंतर्गत बिल्डरों को कुल फ्लैट के 10 फीसदी गरीबों के लिए ईडब्ल्यूएस व एलआईजी बनाना अनिवार्य है। इंटीग्रेटेड टाउनशिप में शासन की ओर से ईडब्ल्यूएस की कीमत 2.40 लाख और एलआईजी की कीमत 5.10 लाख तय की गई थी। आवंटियों को 15 साल में पैसा जमा करने का अवसर दिया गया था। प्राधिकरण की देखरेख में ही क्रॉसिंग्स रिपब्लिक के आवंटियों को 2014 में आवंटन लेटर जारी किए गए थे। लेकिन बिल्डर्स ने मनमानी कर ईडब्ल्यूएस की कीमत 3.25 लाख और एलआईजी की कीमत बढ़ाकर 7 लाख कर नोटिस जारी कर दिए। फिर एक बिल्डर की याचिका पर हाईकोर्ट के शासन को निर्णय लेने की स्वतंत्रता प्रदान करने के बाद आवंटियों को राहत मिली।