दूसरी ओपन मेरिट में 239 सीटें खाली, आज आखिरी मौका
गाजियाबाद। सीसीएसयू की स्नातक दूसरी ओपन मेरिट से प्रवेश को तीन दिन बीतने के बावजूद सीटें नहीं भर पाई हैं। अभी महानगर के प्रमुख एडेड कॉलेजों में बीए, बीकॉम व बीएससी में करीब 239 सीटें खाली हैं। कॉलेजों की ओर से खाली सीटों में से अधिकांश सीटें स्पोर्ट्स कोटे और ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत बताई जा रहीं हैं। ऐसे में अब विद्यार्थियों के पास दूसरी ओपन मेरिट से प्रवेश का आज शनिवार को आखिरी मौका है।
शनिवार होने से प्रवेश की कतार में शामिल विद्यार्थी समय से फीस का डीडी बनवा लें, नहीं से प्रवेश की वरीयता में आने के बावजूद प्रवेश से पिछड़ जाएंगे। शुक्रवार को भी कॉलेजों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की भारी भीड़ रही। विद्यार्थी प्रवेश संबंधी प्रक्रिया को पूरा करने और सीटें खाली होने संबंधी जानकारी लेने में जुटे दिखाई दिए। महानगर के एमएमएच कॉलेज में बीए में 52, बीकॉम में 11, बीएससी गणित में आठ और बीएससी बायो में तीन सीटें बचीं हैं। एसडी कॉलेज में बीए में 46 और बीकॉम में तीन सीटें बची हैं।
वीएमएलजी कॉलेज में बीए में 24, जनता डिग्री कॉलेज पतला में बीए में चार, एमएम डिग्री कॉलेज मोदीनगर में बीए 12, बीकॉम में चार, बीएससी गणित में तीन व बायो में तीन सीटैं बची हैं। एलआर कॉलेज में बीए में 17, बीकॉम में एक और बीएससी गणित में 20 सीटें बची हैं। गिन्नी देवी कॉलेज में बीए में 11 और कांशीराम राजकीय डिग्री कॉलेज में बीए में नौ, बीकॉम में दो, बीएससी गणित में चार और बीएससी बायो में एक सीट बची हैं।