लाइन शिफ्टिंग के चलते रहेगी बिजली कटौती
गाजियाबाद। शहर में बिजली के तारों की शिफ्टिंग के कारण आने वाले एक सप्ताह में अलग-अलग दिन व समय पर बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। एनएएचआई के काम के चलते कटौती रहेगी। एनएच-9 के आसपास बनी कॉलोनियों और लाइन पार क्षेत्र की कालोनियों में रहने वाले लोगों को यह कटौती झेलनी पड़ेगी।
चीफ इंजीनियर आरके राणा कहना है कि इन दिनों एनएच-9 के चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है, जिसके चलते कई बार विद्युत निगम की केबिल कट जाती है। इसके चलते वहां की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को कटौती का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अब विद्युत निगम अगले एक सप्ताह तक लगातार बिजली कटौती की समस्या को रोकने के लिए लाइन शिफ्टिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते शनिवार को 132केवी औद्योगिक क्षेत्र बिजली घर से निकलने वाली सप्लाई सुबह नौ बजे से लेकर एक बजे तक बंद रहेगी। वहीं, शहर में आरएमयू सिस्टम लगने के चलते गांधीनगर इलाके में सुबह नौ बजे से लेकर 12 बजे तक की कटौती रहेगी। वहीं, आगामी सप्ताह में अलग-अलग दिनों में लोगों को कटौती झेलनी पड़ेगी। इनमें 22 जुलाई को सुबह नौ बजे से एक बजे तक कटौती रहेगी। वहीं, 24, 26, 29, 31 जुलाई, दो अगस्त, पांच अगस्त, सात और नौ अगस्त को सुबह नौ बजे से लेकर एक बजे तक कटौती रहेगी। यह कटौती 132 केवी औद्योगिक क्षेत्र बिजली घर, 33केवी इलेक्ट्रोस्टील, 33केवी एसएसजीटी बिजली घर से निकले वाली सप्लाई पर रहेगी। इसके कारण लाइन पार इलाके के करीब पांच लाख लोगों को बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ेगा।