हेडिंग: जीडीए की दो करोड़ की 10 संपत्तियां बिकी
सबहेड: जीडीए की नीलामी में पहले दिन गोविंदपुरम में एक करोड़ के तीन प्लॉट बिके
- पहले-आओ पहले-पाओ योजना में वैशाली में एक करोड़ के सात ईडब्ल्यूएस बिके
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जीडीए की 2000 वर्ग मीटर से छोटी संपत्तियों की ऑफलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। नीलामी और पहले-आओ पहले-पाओ योजना के तहत जीडीए की दो करोड़ की 10 संपत्तियाें की बिक्री हुई। नीलामी की प्रक्रिया में गोविंदपुरम में एक करोड़ की लागत के 60-60 मीटर के तीन प्लॉट बिके। वहीं, पहले-आओ पहले-पाओ योजना में वैशाली में 11 ईडब्ल्यूएस में से सात की बिक्री एक करोड़ में हुई।
दूसरे दिन छह जुलाई को नीलामी में 50 करोड़ की कुल 44 सपंत्तियों को शामिल किया गया है। फिर आठ जुलाई को नीलामी में कुल 45, नौ जुलाई को नीलामी में कुल 43 और 10 जुलाई को नीलामी में कुल 45 संपत्तियों को शामिल किया गया है। अधिकांश संपत्तियों की आरक्षित राशि 30 से 35 लाख रखी गयी है। नीलाम होने वाली संपत्तियां जीडीए की मधुबन बापूधाम योजना, इंदिरापुरम योजना, इंद्रप्रस्थ योजना, तुलसी निकेतन, कौशांबी योजना, कोयल एंक्लेव योजना, वैशाली योजना, कर्पूरीपुरम योजना, स्वर्णजयंतीपुरम योजना, प्रताप विहार योजना सहित अन्य योजनाओं में शामिल हैं। नीलामी में व्यावसायिक भूखंड, कंवीनियेंट शॉपिंग भूखंड, सामुदायिक केंद्र, कियोस्क, अस्पताल, नर्सिंग होम, आर्ट गैलरी, आवासीय भूखंड, दुकान, ग्रुप हाउसिंग, पेट्रोल पंप, हॉल सहित आदि संपत्तियां शामिल हैं।