गाजियाबाद जिले की कालोनियों में शुक्रवार सुबह और दोपहर में हल्की बूंदाबांदी को बाद से ही लोगों को बिजली कटौती के कारण परेशानियां झेलनी पड़ी। दिन में लोगों को दो घंटे तक की कई कटौती का सामना करना पड़ा।
जिले में इन दिनों भीषण गर्मी के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना जरूर हुआ, लेकिन उमस भरी गर्मी के कारण लोगों का जीना भी मुश्किल हो गया। बारिश के कारण शहर की आठ कॉलोनियों में बूंदाबांदी शुरू होते ही बिजली कट गई। इनमें अकबरपुर बहरामपुर, गोविंदपुरम, शताब्दीपुरम, सुधा सरोवर, गणेश वाटिका, गंगा एंक्लेव, प्रगति विहार, नंदग्राम, घूकना, हरवंश नगर, पटेल नगर, नेहरूनगर शामिल हैं।
इसके कारण लोगों को दो घंटे तक बिना बिजली के ही रहने पड़ा। वहीं, प्रताप विहार सेक्टर-12 के एम ब्लॉक में बारिश के दौरान रात एक बजे खंभे पर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण कालोनी की लाइट गुल हो गई।
इसके अलावा रईसपुर गांव में भी बिजली के तारों में स्पार्किंग हुईं। लोगों ने जब बिजली नहीं आने पर अधिकारियों को कॉल किया तो उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों ने बताया कि जब उन्होंने मामले की उच्च अधिकारियों से शिकायत की तो कर्मचारियों ने आकर बिजली आपूर्ति को चालू किया।
उधर, मुख्य अभियंता आरके राणा कहना है कि बारिश के चलते ही बिजली विभाग ने एहतियातन तौर पर बिजली आपूर्ति बाधित की थी, जिससे की कोई बड़ा हादसा न हो सके। हालांकि जैसे ही बारिश हल्की होने पर कॉलोनियों को सप्लाई शुरू दी गई थी।