बढ़ रहा संक्रमण, कम नहीं हो रही लापरवाही
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है और बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। कोरोना नियमों का पालन न होने से संक्रमण के तेजी से फैलने का खतरा भी बना हुआ है। व्यापार संगठनों ने कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए दावे किए थे लेकिन इसका खास असर नहीं दिख रहा है। कोरोना संक्रमण के मामले में जिला गाजियाबाद प्रदेश में तीसरे नंबर पर है।
सीन-1 सिहानी गेट बाजार
शहर के पुराने बाजार सिहानी गेट में लोग बिना मास्क के आवाजाही करते दिखे। लोगों से जब मास्क के बाबत पूछा गया तो उनका जवाब था कि मास्क अभी उतारा है, जेब में है।
सीन-2, नया गंज
मास्क लगाने की जिम्मेदारी केवल बाजार में आने वाले लोगों की ही नहीं बल्कि दुकानदारों की भी है। नया गंज में बिना मास्क के बिक्री में मशगूल व्यापारी दिखे।
सीन-3, पुराना बस अड्डा
बाहर से यात्रा कर लौट रहे लोगों में कोरोना संक्रमण मिला है। ऐसे में परिवहन स्थानों पर भी नियमों का पालन होना अनिवार्य है, लेकिन पुराना बस अड्डा पर आने वाले यात्री बिना मास्क के यात्रा के लिए पहुंचते दिखे।
बाजारों, भीड़ वाले क्षेत्रों में जांच नहीं
स्वास्थ्य विभाग ने बाजारों और भीड़ वाले क्षेत्रों में रेंडम कोरोना की जांच के लिए निर्देश दिए थे। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में एक भी दिन जांच शुरू नहीं हो सकी है।
बोले व्यापारी, तेज होगा जागरूकता अभियान
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष संजय बिंदल ने कहा कि बाजारों में व्यापारियों को सतर्कता और सुरक्षा के साथ व्यापार करने के लिए कहा गया है, लेकिन इसको लेकर तेज अभियान शुरू करने की आवश्यकता है। लगातार अभियान चलाकर व्यापारियों को जागरूक करेंगे। खासकर सामाजिक दूरी के लिए रस्सी, दो फीट की दूरी के लिए गोले बनाने जैसे उपायों को लागू कराया जाएगा।
खुद करने होंगे इंतजाम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महामंत्री तिलकराज अरोड़ा ने बताया कि कोरोना की दोनों लहर में बाजारों को लॉकडाउन या कोरोना कर्फ्यू से नुकसान झेलना पड़े। इस बार संक्रमण कम फैले इसके लिए व्यापारियों को सामाजिक दूरी, मास्क सहित बचाव साधनों का प्रयोग करना होगा। इससे बाजारों में बंदी जैसे हालतों की नौबत को भी काफी हद तक टाला जा सकता है।