16 दिन में 10 इलाकों में पहुंचा कोराना
गाजियाबाद। पिछले 16 दिन में कोरोना संक्रमण शहर के 10 इलाकों में पहुंच गया है। इस बीच 32 संक्रमित मिले हैं। शहर के जिन पॉश इलाकों में संक्रमण पहुंचा है उनमें नेहरू नगर क्रॉसिंग रिपब्लिक इंदिरापुरम, लालकुआं, वैशाली, राजेंद्रनगर, साहिबाबाद, वसुंधरा और शास्त्रीनगर शामिल है।
खास बात यह है कि ये सभी मामले प्राइवेट लैब की जांच में सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक 72840 सैंपल जांच कराई। इनमें एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई। दावा किया जा रहा है कि संक्रमित के घर से 1500 मीटर के दायरे में सभी की जांच कराई जा रही है। हिंडन एयरपोर्ट पर 36 यात्रियों के साथ ही दो स्टाफ की भी जांच की गई। क्रासिंग रिपब्लिक, नेहरू नगर में भी जांच अभियान चलाया गया।
बुजुर्ग व महिला संक्रमित
इंदिरापुरम के वैभव खंड में 73 वर्षीय बुजुर्ग और शालीमार गार्डन में 39 वर्षीय महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों का इलाज नोएडा के अलग-अलग अस्पताल में चल रहा था। दोनों को कोविशील्ड का दोनों डोज लग चुका था। इस समय जिले में 28 मरीजों का इलाज चल रहा है।
इन क्षेत्रों में पहुंचा संक्रमण
नेहरू नगर
क्रॉसिंग रिपब्लिक
इंदिरापुरम
लालकुआं
वैशाली
राजेंद्रनगर
साहिबाबाद
वसुंधरा
शास्त्रीनगर
चंद्र लक्ष्मी अस्पताल में सिर्फ कोविड मरीज होंगे भर्ती
एसीएमओ डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि भुगतान करने वाले मरीजों को अभी सिर्फ चंद्र लक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने सहमति दी है कि अब अस्पताल में सिर्फ कोविड मरीज ही भर्ती किए जाएंगे। एसीएमओ ने बताया कि केन्या से आया व्यक्ति मेडिकल टूरिज्म का काम करता है, डीएम के निर्देश पर भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि अभी दो अस्पताल बनाए गए हैं, लेकिन निर्देश दिया गया है कि हिंडन के दोनों तरफ दो - दो अस्पताल चयनित किए जाएं, जिसमें सिर्फ कोविड के मरीज ही भर्ती किए जाएंगे।
ऑक्सीजन प्लांटों की होगी जांच
कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के संभावित संक्रमण से बचाव के लिए आज (शुक्रवार) और कल (शनिवार) को दो दिवसीय मॉकड्रिल होगा। मॉकड्रिल के दौरान ऑक्सीजन प्लांट और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जैसे जरूरी उपकरणों की जांच की जाएगी। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल और संतोष अस्पताल में मॉकड्रिल की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल रूम से लेकर अस्पताल में उपचार तक की गई सभी तैयारियों को इस अभ्यास के दौरान परखा जाएगा। मॉकड्रिल संयुक्त निदेशक की मौजूदगी में होगा। इस बार यह परखा जाएगा कि कोविड कमांड कंट्रोल रूम में फोन आने के कितनी देर में एंबुलेंस और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। हमारी फैसिलिटी में उपलब्ध सेवाओं की स्थिति कैसी है।