कोरोना से निकले तो डेंगू में जकड़े
गाजियाबाद। पहले कोरोना वायरस ने जकड़ा। अब डेंगू का डंक लोगों को दर्द दे रहा है। डेंगू से संक्रमित 288 मरीजों में 27 मरीज ऐसे हैं जो पहले कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि अधिकांश मरीजों ने कोरोना की तरह डेंगू का भी मात दी है। अभी सात पोस्ट कोविड मरीजों का डेंगू का इलाज चल रहा है। इनमें से दो मरीजों की स्थिति गंभीर है। इसकी पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है।
जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि संक्रमित मरीजों में 27 मरीज ऐसे हैं, जिनको कोरोना होने के बाद डेंगू हुआ। इनमें 12 मरीज ऐसे हैं जो पिछली बार मई से जून के बीच में संक्रमण की चपेट में आए थे। जबकि नौ मरीज दिसंबर से फरवरी के बीच संक्रमित हुए। छह मरीज अप्रैल के शुरुआत में संक्रमित हुए थे। डीएसओ का कहना है कि सभी की स्थिति सामान्य है।
बुधवार को डेंगू के 13 मरीज मिले
बुधवार को जिले में डेंगू के 13 मरीजों की पुष्टि हुई है। इस बार शहर के उन इलाकों में अधिक मामले मिल रहे हैं, जहां पिछली साल एक भी डेंगू का मरीज नहीं मिला था। मलेरिया विभाग के सर्वे में अलग-अलग 27 स्थानों पर डेंगू का लार्वा पाया गया। इनमें से 16 लोगों को नोटिस दिया गया। जबकि अन्य लोगों के घर में गमले और कूलर से पानी निकलवाया गया।
प्राइवेट जांच वाले भर्ती, सरकारी वाले घर पर करा रहे इलाज
एक सप्ताह पहले तक डेंगू के चपेट में आने वाले मरीज घर पर रहकर ही इलाज करा रहे थे, लेकिन अब 70 प्रतिशत मरीज अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी उन्हें हो रही है जो पोस्ट कोविड हैं, क्योंकि पहले कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद उनकी प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हुई थी और अब डेंगू की चपेट में आने पर दर्द से परेशान हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राइवेट अस्पतालों में जांच कराने वाले लोग घर पर रहकर ही इलाज करा रहे हैं, जबकि प्राइवेट में जांच कराने वाले 90 से 95 फीसदी मरीज भर्ती हो रहे हैं।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार का कहना है कि जिन मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है, उनके इलाज की व्यवस्था एमएमजी अस्पताल, संयुक्त अस्पताल संजय नगर के अलावा जिले के सभी सीएचसी पर भी है। डेंगू संक्रमण की चपेट में आने पर घबराने के बजाए इलाज कराएं। कोशिश करें कि अपने घर के आसपास पानी न जमा होने दें। गमलों में पानी न भरने दें। मौसम में बदलाव आ चुका है, इसलिए कूलर बिना पानी का भी चला सकते हैं। अगर पानी डालकर चलाते हैं तो उसका पानी रोज बदलते रहें।
डेंगू के कुल मरीज - 288
भर्ती - 42 (10 नए)
पोस्ट कोविड डेंगू मरीज - 27
पुरुष - 20
महिला - 07
स्वस्थ हो चुके कुल मरीज - 208
पोस्ट कोविड डेंगू मरीज स्वस्थ हुए - 20
पोस्ट कोविड डेंगू के मरीज का चल रहा है इलाज - 07