किसानों ने रुकवाया बुनकर मार्ट और पीएम आवास का काम
गाजियाबाद। एक समान मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों ने जीडीए के घेराव के बाद सोमवार को मधुबन बापूधाम योजना में निर्माणाधीन बुनकर मार्ट और प्रधानमंत्री आवास का काम रुकवा दिया। किसानों ने बुनकर मार्ट के गेट पर प्रदर्शन करने के बाद काम कर रहे मजदूरों को भगा दिया। वहीं, पीएम आवास का काम रुकवाने के बाद किसान बुनकर मार्ट के सामने धरने पर बैठ गए। किसानों ने जीडीए अधिकारियों पर किसानों से वार्ता होने तक योजना में निर्माण संबंधी काम नहीं होने का आश्वासन तोड़ने का आरोप लगाया।
----
बैठक कर बनाई आंदोलन की रणनीति:
मधुबन बापूधाम आवासीय योजना से प्रभावित सदरपुर, मैनापुर, नंगलापाट, याकूबपुर, मोरटा और दुहाई के कई किसानों ने मंगलवार को भी सदरपुर प्राथमिक स्कूल के धरना स्थल पर एकत्रित होकर बैठक की। बैठक में एक समान मुआवजा संबंधी कोई निर्णय नहीं होने तक योजना में निर्माण कार्य नहीं होने देने की बात कही गई। बैठक में ही किसानों को बुनकर मार्ट व पीएम आवास प्रोजेक्ट पर निर्माण कार्य चलने की जानकारी प्राप्त हुई। फिर प्रोजेक्ट पर पहुंचने पर निर्माण कार्य चलता हुआ पाया गया। किसानों के विरोध के बाद निर्माण कार्य बंद हो गया।
----
हक मिलने तक योजना में नहीं होने देंगे काम
आंदोलन अध्यक्ष और किसान नेता सुरदीप शर्मा का कहना है कि सोमवार को किसानों ने जीडीए सचिव से बातचीत होने तक योजना में निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की थी। लेकिन आश्वासन के बावजूद योजना के बुनकर मार्ट व पीएम आवास प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य जारी था। किसानों ने दोनों प्रोजेक्टों पर चल रहे काम को रुकवा दिया है। एक समान बढ़े हुए मुआवजे की मांग पर किसान अडिग हैं। अक्टूबर 2007 में किसानों के साथ हुए समझौते की लगातार अनदेखी की हो रही है। बुनकर मार्ट पर चले धरना प्रदर्शन में महेंद्र मुखिया, बॉस चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, गौरीशंकर, कुलदीप चौधरी, संदीप चौधरी, धर्मवीर डायरेक्टर, ताजवीर चौधरी, सुनील शेरावत, आशु चौधरी सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
---