कल से फिर बहाल हो
जाएंगी रद्द हुईं 19 ट्रेनें
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। तीन दिन से प्रभावित नई दिल्ली-गाजियाबाद रेलवे रूट रविवार से फिर सामान्य हो जाएगा। गाजियाबाद में धोबीघाट आरओबी पर गर्डर लांच करने के लिए लिए गए पावर ब्लॉक की वजह से प्रभावित 19 ट्रेनें रविवार से फिर से पटरी पर लौट आएंगी। इनमें टूंडला, गाजियाबाद और मुरादाबाद से दिल्ली के बीच चलने वाली कई लोकल ट्रेेनें शामिल हैं।
गाजियाबाद स्टेशन पर निर्माणाधीन धोबीघाट आरओबी के स्टिंग बो गर्डर (धनुषाकार पुल का एक हिस्सा) लांच करने और निर्माणाधीन तीसरे एफओबी के गर्डर लांच करने के लिए 15 से 17 जुलाई तक तीन दिन पावर ब्लॉक लिया गया था। इस अवधि में आरओबी पर 76.5 मीटर लंबा स्टिंग बो गर्डर रख दिया गया है। करीब 650 टन वजनी इस पुल को दो भारी भरकम मशीनों के जरिये रखा गया है। शनिवार को इसका काम पूरा कर लिया गया है। हालांकि एफओबी के गर्डर रखने का काम पूरा नहीं हो पाया। इसके लिए दोबारा ब्लॉक लिया जाएगा।
पावर ब्लॉक की वजह से रेलवे ने टूंडला-दिल्ली-टूंडला, नई दिल्ली-गाजियाबाद-नई दिल्ली, मुरादाबाद-गाजियाबाद, पलवल-गाजियाबाद-पलवल, लखनऊ-नई दिल्ली-लखनऊ, आगरा कैंट-नई दिल्ली-आगरा कैंट एक्सप्रेस को निरस्त और पलवल-गाजियाबाद ईएमयू, मथुरा-गाजियाबाद ईएमयू, गाजियाबाद-मथुरा ईएमयू को साहिबाबाद स्टेशन पर टर्मिनेट कर दिया था। रविवार से यह ट्रेनें फिर पटरी पर लौट आएंगी। वहीं, नई दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस, नई दिल्ली-राजगीर एक्सप्रेस, नई दिल्ली-राजगीर क्लोन एक्सप्रेस, दिल्ली जंक्शन-मुरादाबाद, इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस भी रविवार को लोनी-शामली के रास्ते की बजाय अपने पुराने मार्ग दिल्ली-गाजियाबाद मार्ग पर लौट आएंगी। ट्रेनों के निरस्तीकरण और रूट डायर्वजन की वजह से तीन दिन रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।