यात्रियों को मिलेगी राहत, 5 जुलाई से पटरी पर लौटने लगेंगी स्पेशल ट्रेनें
गाजियाबाद। गाजियाबाद से बिहार के जोगबनी, गया, पश्चिम बंगाल के हल्दिया और पंजाब के जालंधर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने वाली है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में यात्रियों की संख्या घट जाने से थमीं गरीबरथ समेत लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनें सोमवार पांच जुलाई से फिर पटरी पर लौटने लगेंगी। 11 जुलाई तक गाजियाबाद से होकर विभिन्न शहरों में जाने वाली 12 ट्रेनें फिर से दौड़ने लग जाएंगी। इनमें से 8 ट्रेनों का स्टॉपेज गाजियाबाद में भी है। ऐसे में गाजियाबाद, साहिबाबाद और नोएडा के यात्रियों को राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक आनंद विहार -जोगबनी स्पेशल (04070) ट्रेन आनंद विहार से 5 जुलाई को चलना शुरू हो जाएगी, जबकि यही ट्रेन (04069) जोगबनी से 6 जुलाई को शुरू हो जाएगी। आनंद विहार - हल्दिया स्पेशल (04066) 6 जुलाई से शुरू हो जाएगी। इसके अलावा नई दिल्ली से जालंधर के बीच चलने वाली इंटरसिटी 5 जुलाई से चलेगी। जालंधर से यह ट्रेन 6 जुलाई से शुरू होगी।
सीपीआरओ का कहना है कि इसके अलावा आनंद विहार से वाराणसी के बीच चलने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस 9 जुलाई से और वाराणसी से 8 जुलाई को शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही आनंद विहार से मुजफ्फरनगर के बीच गरीबरथ ट्रेन का संचालन 7 जुलाई को शुरू होगा। लंबे समय बाद इन ट्रेनों के दोबारा पटरी पर लौटने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के सीपीआरओ के मुताबिक कुल 66 स्पेशल ट्रेनों का संचालन एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा।