गंगनहर में डूबे युवक की
प्रेमिका समेत तीन पर केस
गाजियाबाद/मसूरी। नोएडा के प्रेमी युगल द्वारा मसूरी गंगनहर में कूदने के मामले में नया मोड़ आया है। पानी में डूबे युवक आकाश के परिजनों ने प्रेमिका व उसके दो दोस्तों के खिलाफ आत्महत्या के उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, दो दिन बाद भी पानी में डूबे आकाश का कोई सुराग नहीं लग सका। एनडीआरएफ की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
थाना फेज-थ्री, नोएडा के गांव गढ़ी चौखंडी निवासी मोहन सिंह द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में उनका कहना है कि बुधवार को पड़ोसी उनके घर आया और उनके बेटे आकाश पर अपनी बेटी को बाइक पर ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने बेटे आकाश का फोन मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद आकाश के दोस्त ने उसी के मोबाइल से कॉल करके आकाश द्वारा गंगनहर में कूदने की घटना बताई। मोहन सिंह का कहना है कि युवती ने उनके बेटे से झगड़ा कर उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। घटना के दौरान कृष्णकांत और रौनक नाम के युवक भी मौके पर थे। यह दोनों युवती व आकाश के दोस्त हैं। मसूरी एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आकाश की तलाश में एनडीआरएफ ने बृहस्पतिवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को भी तलाश जारी रहेगी।
यह था मामला
गढ़ी चौखंडी गांव में रहने वाले आकाश (24) का पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने दोनों की अलग-अलग शादी करा दी, जिसे लेकर आकाश तनाव में रहता था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे आकाश प्रेमिका के साथ मसूरी स्थित रेलवे पुल के पास गंगनहर पर पहुंचा। इस दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। युवती ने फोन करके आकाश के दोस्तों को बुला लिया। आकाश ने गंगनहर में छलांग लगा दी। उसके पीछे युवती भी पानी में कूद गई। ग्रामीणों ने युवती को तो बचा लिया, लेकिन आकाश पानी में डूब गया।