कर्फ्यू में निरस्त ट्रेनें एक
जुलाई से आएंगी पटरी पर
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में यात्रियों की संख्या कम होने से निरस्त हुई ट्रेनें जुलाई के पहले सप्ताह में पटरी पर लौट आएंगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इनमें गाजियाबाद होकर बिहार, उत्तराखंड, भुवनेश्वर जाने वाली कई ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के चलने से गाजियाबाद केस साथ नोएडा के यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी।
नार्दर्न रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक, पुरी से ऋषिकेश के बीच चलने वाली योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल का पुरी से एक जुलाई से संचालन होगा। ऋषिकेश से यह ट्रेन 4 जुलाई से दोबारा दौड़नी शुरू हो जाएगी। भुवनेश्वर से आनंद विहार के बीच चलने वाली स्पेशल 02819 ट्रेन चार जुलाई से आनंद विहार के लिए और 6 जुलाई से आनंद विहार से भुवनेश्वर के लिए चलने लगेगी। वहीं कई ट्रेनों के संचालन को एक्सटेंशन दिया गया है। इनमें गया से नई दिल्ली के बीच चलने वाली 02397 गया-नई दिल्ली स्पेशल 31 अगस्त तक और नई दिल्ली गया स्पेशल एक अक्तूबर तक चलेगी। दानापुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली स्पेशल एक्सप्रेस को भी एक अक्तूबर तक एक्सटेंशन दिया गया है। सहरसा से आनंद विहार के बीच चलने वाली स्पेशल का संचालन भी 26 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।
इन ट्रेनों का बदल दिया समय
नई दिल्ली से मंडुआडीह स्पेशल अब ज्ञानपुर स्टेशन पर 15 मिनट पहले पहुंचेगी। पहले यह ट्रेन ज्ञानपुर स्टेशन पर 9:03 बजे पहुंचती थी। एक जुलाई से यह ट्रेन 8:48 बजे पहुंचेगी और दो मिनट बाद आगे रवाना हो जाएगी। एलटीटी-जयनगर स्पेशल ट्रेन वाराणसी स्टेशन पर 12:45 बजे पहुंचेगी, अभी तक यह 12:53 बजे पहुंचती है। यह ट्रेन सारनाथ स्टेशन पर 13:06 बजे की बजाय 12:58 बजे और औडिहार जंक्शन पर 13:33 बजे की बजाय 13:20 बजे पहुंचेगी। सीतामढ़ी-आनंद विहार स्पेशल एक जुलाई से सीवान स्टेशन पर सुबह 9:50 बजे की बजाय 20 मिनट पहले 9:30 बजे पहुंचेगी। इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों रेलवे ने नए शेड्यूल की जानकारी दी है।