मिनी सचिवालय की तरह काम करें ग्राम पंचायत : राकेश कुमार
गाजियाबाद। ग्रामीणों की समस्याएं ग्राम पंचायत स्तर पर ही दूर हों। इसके लिए पंचायत भवन में ही कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएं। जहां पर प्रधान और ग्राम सचिव नियमित रूप से बैठें। इसके लिए एक निर्धारित अवधि में पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार कर उन्हें मिनी सचिवालय के तौर पर विकसित किया जाए। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए गांवों में पंचायत घर और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर दवा और आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। शनिवार को जिले के 42वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली बैठक में आईएएस राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों को यह पहला आदेश दिया।
शनिवार शाम को चार्ज संभालने के बाद उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी के परिचय के साथ उन्होंने विस्तार से अभी तक कार्यों पर जानकारी ली। कोरोना को लेकर उन्होंने कहा कि तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए हमें पुख्ता इंतजाम करने हैं। बच्चों के साथ ग्रामीण स्तर पर भी ध्यान देना है। महामारी के वक्त में ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए सभी 161 ग्राम पंचायतों को मजबूत करनी की जरूरत है। उन्हें मिनी सचिवालय के तौर पर विकसित करें। वहीं पर कॉमन सर्विस सेंटर खोले जाएं। सेंटर नियमित तौर पर काम करें। इसके साथ ही जिले की सभी 24 न्याय पंचायतों का भी जीर्णोद्धार हो। वहां पर बीच-बीच में जाकर संबंधित विभागों के अधिकारी बैठकें और समस्याओं को सुने। फिर उनका निस्तारण भी समय सीमा के अंदर हो। इसके लिए सबसे पहले जरूरी है कि पंचायत भवनों में रंगाई-पुताई के बाद बैठने की व्यवस्था की जाए। अगर कहीं पर निर्माण कार्य की आवश्यकता है तो तत्काल जांच कराकर उसे पूरा करा लें। सीडीओ से कहा कि वो अपनी निगरानी में सारे काम को देखें और एक निश्चित समय सीमा के अंदर पूरा करा लें। इसके बाद कोरोना की मौजूदा स्थिति पर अधिकारियों से चर्चा की। दवाओं की उपलब्धता से लेकर ब्लैक फंगश से जुड़े इलाज पर भी सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता से जानकारी ली।
कानून-व्यवस्था, कृषि और शिक्षा प्राथमिकता
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्राथमिकता तीसरी लहर की चेतावनी को देखते हुए चिकित्सा से जुड़े सभी इंतजाम पुख्ता करने की होगी। इसके लिए शासन की मंशा के अनुरूप काम किया जाएगा। ग्रामीण और शहर इलाकों में इलाज की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही सभी विभागीय अधिकारी और आम जन मिलकर काम करेंगे। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, व्यापार, कृषि और शिक्षा से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान रहेगा। इससे पहले उन्होंने ट्रेजरी में जाकर नए जिलाधिकारी के तौर पर चार्ज लिया।
शनिवार को चार्ज शुभ!
राकेश कुमार सिंह ने शनिवार को चार्ज संभाला। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में मान्यता है कि शनिवार को चार्ज लेना शुभ रहता है। इससे कार्यकाल लंबा और शांतिपूर्ण चलता है। इससे पहले रितु माहेश्वरी ने 9 सितंबर 2017 और मिनिस्ती एस ने 29 अप्रैल 2017 को शनिवार के दिन चार्ज लिया था। हालांकि उससे पूर्व निधि केसरवानी और विमल शर्मा ने बुधवार के दिन चार्ज लिया था।