पत्नी को भगाने की रंजिश में एक युवक ने पड़ोसी के दो बेटों को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया। घटना कविनगर थाना क्षेत्र के गुलधर में हुई। गंभीर रूप से घायल दोनों बेटों को अस्पताल में भर्ती कराया गया गया, जहां बड़े बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बच्चों के पिता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से जिला समस्तीपुर, बिहार के गांव पावडा निवासी शंभू पासवान गुलधर सेकेंड कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी रामदाई देवी, तीन बेटियां और दो बेटे त्रिभुवन (9) व पणिभुवन (8) हैं। शंभू टैक्सी ड्राइवर हैं, लेकिन लॉकडाउन में नौकरी छूट गई तो मजदूरी करते हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह काम के सिलसिले में घर से निकले थे। इसी बीच उनके दोनों बेटे पतंग उड़ाने चौथी मंजिल पर चले गए। आधे घंटे बाद बेटी ने उन्हें फोन कर दोनों बेटों के छत से गिरने की सूचना दी।
होश आने पर छोटे बेटे ने बताई असलियत
घटना के बाद अंदेशा जताया जा रहा था कि पतंग उड़ाने के दौरान पैर फिसलने से दोनों बेटे नीचे गिर गए। लेकिन छोटे बेटे पणिभुवन ने होश आने पर बताया कि पतंग उड़ाते समय पड़ोसी हरेंद्र छत पर पहुंचा और उन दोनों को नीचे फेंक दिया। पहले बड़े भाई त्रिभुवन को छत से ग्राउंड फ्लोर की छत पर फेंका और फिर उसे फेंक दिया। त्रिभुवन को सिर और शरीर में गुम चोट आई हैं। जबकि पणिभुवन का सिर छत पर टकराने से फट गया है।
हरेंद्र की पत्नी को ले भागा था शंभू का साला : एसपी सिटी डॉ. मनीष मिश्र ने बताया कि कुछ समय पहले हरेंद्र की पत्नी को शंभू पासवान का साला लेकर चला गया था। हरेंद्र को शक था कि पत्नी को भगाने में शंभू का भी हाथ है। इसी बात को लेकर वह शंभू से रंजिश मानता था और उससे बदला लेने के लिए उसके दोनों बेटों छत से फेंक दिया।