श्रद्धांजलि यात्रा में आज बड़ी संख्या में जुटेंगे किसान
साहिबाबाद। ट्रैक्टर रैली में जान गंवाने वाले युवा किसान नवरीत सिंह की श्रद्धांजलि यात्रा में शनिवार को यूपी गेट पर बड़ी संख्या में किसान जुटेंगे। उधमसिंह नगर से किसान ट्रैक्टर, कार व अन्य वाहनों से यूपी गेट आएंगे। आंदोलन स्थल पर कमेटी ने पूरी तैयारी कर ली है। उधर, कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने किसानों से भारी संख्या में आंदोलन स्थल पहुंचने की अपील की।
सुबह करीब आठ बजे आंदोलन स्थल पर 11 किसानों ने रोजाना की तरह 24 घंटे की भूख हड़ताल की। इसके बाद से किसानों की संख्या लगातार बढ़नी शुरू हो गई। मंच पर प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि सरकार सिर्फ सदन में कानूनों को साफ बता रही है। जबकि किसानों के साथ बैठक में संशोधन करने की बात कह रही है। इस दौरान आंदोलन स्थल पर किसानों ने उन सांसदों का विरोध किया, जिन्होंने बृहस्पतिवार को लोकसभा में किसानों के लिए दो मिनट का मौन रखने वाले सांसदों का विरोध किया था। इस बीच सभी किसानों ने सांसदों के लिए शेम-शेम बोलकर गुस्सा जाहिर किया। इस बीच जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली में बाजपुर के युवा किसान नवरीत की मौत हो गई थी। अब उनको श्रद्धांजलि देने के लिए उधमसिंह नगर और बाजपुर से हजारों किसान ट्रैक्टर, कार व अन्य वाहनों से यूपी गेट पहुंचेंगे। धरनास्थल पर इन सभी किसानों के लिए खाने का सामान, पानी व अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है। जगतार बाजवा ने किसानों से अपील कि दिल्ली बॉर्डर पर सरकार को दिखाने के लिए रोजाना सभी किसान अपनी हाजिरी लगाते रहें और खेतों में गन्ना कटाई का काम भी करते रहें ।