रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर 8.19 लाख हड़पे
गाजियाबाद। सिहानी गेट थानाक्षेत्र में रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 8.19 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। मुरादनगर निवासी पीड़ित शुभम के मुताबिक पड़ोसी युवक नीरज रावत व उसके दोस्त मोहित ने उसके साथ ठगी की। शक होने पर वह मोहित के घर पैसे लेने पहुंचा तो उसके माता-पिता ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित ने थाने में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते उसने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर सिहानी गेट पुलिस ने केस दर्ज किया।
मोदीनगर निवासी शुभम का कहना है कि वह बेरोजगार हैं। पड़ोस में रहने वाले नीरज रावत से उनकी पुरानी पहचान है। कुछ समय पहले नीरज रावत ने राजनगर एक्सटेंशन निवासी अपने दोस्त मोहित कुमार से उसकी मुलाकात कराई। कहा कि मोहित के रेलवे अधिकारियों से अच्छे संबंध हैं। वह सेटिंग करके रेलवे में नौकरी लगवा सकता है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने कई बार में नौकरी के नाम पर उससे 8 लाख 19 हजार रुपये ले लिए। कई माह बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो उसे शक हुआ। उसने आरोपियों को टोका तो वह तरह-तरह के बहाने बनाने लगे। बात हद से आगे बढ़ने पर उसने नीरज रावत व मोहित से अपने पैसे वापस मांगे। जिस पर उन्होंने रकम लौटाने का आश्वासन दे दिया।
शुभम का कहना है कि एक दिन वह मोहित से रकम लेने के लिए राजनगर एक्सटेंशन स्थित उसके आवास पहुंचा। वहां जाकर पता चला कि मोहित अपने पैतृक गांव शामली में रहने लगा है। वह शामली पहुंचा तो वहां मोहित के माता-पिता मिले। उसने उन्हें सारे मामले से अवगत कराते हुए पैसों की मांग की तो वह तैश में आ गए और उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर सिहानी गेट पुलिस ने नीरज रावत, मोहित व मोहित के माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।