किदवई नगर में युवक ने फंदा लगाकर दी जान
लोनी। पूजा कॉलोनी किदवई नगर में शुक्रवार रात एक युवक ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता कर रही है।
मूलरूप से बागपत में रहने वाले इमरान 23 परिवार के साथ किदवई नगर कॉलोनी में रहते थे। वह घर के पास ही एक ढाबे पर काम करते थे। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह होटल में न पहुंचने पर साथी कर्मचारी कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई आवाज नहीं आने पर उन्होंने होटल संचालक और आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। जिसपर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख कर सभी लोग दंग रह गए। इमरान को शव गाडर में लगे हुक में रस्सी के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रॉनिका सिटी थाना एसएचओ उमेश पंवार ने बताया कि मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांचकर रही है।