बार्डर पर अस्पताल में तोड़फोड़, स्कूटी में लगाई आग
लोनी। उपद्रवियों ने लोनी कोतवाली क्षेत्र में डीएलएफ से सटी दिल्ली की सीमा में एक अस्पताल में मंगलवार देर रात तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, एक स्कूटी को आग के हवाले कर एक दुकान लूटने की कोशिश भी की। हालांकि, गाजियाबाद पुलिस ने समय रहते उपद्रवियों को खदेड़कर तुरंत नियंत्रण पाया। वहीं लोनी के अन्य बार्डरों पर पुलिस बल ने मोर्चा संभाले रखा। अधिकारियों ने मार्च निकाला।
मंगलवार रात उपद्रवी बार्डर इलाकों में उत्पात मचाते रहे। उपद्रवियों ने डीएलएफ कालोनी के पास बार्डर इलाके में एक प्राइवेट अस्पताल का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान उपद्रवियों ने एक स्कूटी में आग लगाई और एक दुकान का ताला तोड़ा। आसपास के लोगों ने लोनी पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उपद्रवी फरार हो गए। वहीं लोनी पुलिस का कहना है कि अस्पताल दिल्ली की सीमा में है। लोनी में किसी भी उपद्रवी को घुसने नहीं दिया है। उधर सुरक्षा के चलते खजूरी पुश्ता मार्ग, लालबाग सब्जी मंडी रोड, इंदिरापुरी कालोनी समेत अन्य बार्डरों पर पुलिस और आलाधिकारी रात भर डटे रहे। लोनी एसडीएम खालिद अंजुम, एसडीएम प्रशांत तिवारी समेत अन्य अधिकारी सभी बार्डरों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते रहे।
तीसरे दिन भी आईजी लोनी में डटे, फोर्स ने निकाला मार्च
दिल्ली में उपद्रव के चलते तीसरे दिन बुधवार सुबह करीब दस बजे आईजी प्रवीन कुमार, डीएम अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत अन्य अधिकारी लाल बाग, खजुरी पुश्तामार्ग समेत अन्य बार्डरों पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जाएजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोनी बार्डर, कोतवाली और ट्रॉनिका सिटी थानों क्षेत्रों में पैदल मार्च निकाल लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
चौकी के सामने घायल को छोड़ भाग गया ई-रिक्शा चालक
दिल्ली के शिव विहार कालोनी में मंगलवार शाम हुए उपद्रव में दर्जनों लोग घायल हुए थे। उपद्रव के शिकार ज्यादातर घायल लोग लोनी में उपचार के लिए आ रहे थे। शाम करीब पांच बजे शिव विहार कालोनी में रहने वाला दिनेश उपद्रव में घायल हो गया था। दिनेश को उसका एक साथी ई रिक्शा में बैठाकर लोनी के एक अस्पताल में लेकर आया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के जीटीबी के लिए रेफर कर दिया। लेकिन चालक और दिनेश का साथी उसे लेकर इंदिरापुरी पुलिस चौकी पर पहुंचे। यहां चौकी पर पुलिस कर्मी नहीं होने पर पुलिस कर्मियों को फोन किया। इस दौरान वहां आसपास के लोग आ गए। ई-रिक्शा चालक घायल को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दिनेश को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।