खुला घूम रहा दुष्कर्म का आरोपी, किशोरी ने स्कूल छोड़ा
गाजियाबाद। दिल दहला देने वाले उन्नाव कांड के बाद भी पुलिस अपने रवैये में सुधार लाने का नाम नहीं ले रही है। कक्षा चार की दुष्कर्म पीड़ित बालिका के साथ पुलिसिया लापरवाही का एक मामला गाजियाबाद में भी सामने आया है। सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी खुला घूमकर पीड़िता परिवार को समझौते के लिए धमका रहा है और साहिबाबाद पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई से बच रही है। आरोपी की दबंगई की दहशत इस कदर है कि छात्रा ने डर के मारे स्कूल जाना तक छोड़ दिया है। पीड़ित परिवार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दर-दर की ठोकरें खा रहा है।
साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति के मुताबिक उसकी 9 वर्षीय बेटी कक्षा 4 की छात्रा है। गत 17 नवंबर को उसकी पत्नी चूड़ी बेचने गई थी तो रात में उसकी बेटी सोने के लिए अपनी नानी के पास जा रही थी। उसके साथ मौसेरे भाई-बहन भी थे। आरोप है कि रास्ते में पुनीत व जसबीर नाम के शख्स मिले, जिन्होंने मौसेरे भाई-बहनों को वहां से भगा दिया और उसकी बेटी के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी के चिल्लाने पर नाना, नानी, मामा दौड़ पड़े। उन्हें आता देख दोनों आरोपी मौके भाग गए।
दरोगा ने शुरू में ही कर दिया था खेल
पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी को थाने ले जाने पर वहां दरोगा मिला। उसकी बातों से ही जाहिर हो रहा था कि वह आरोपियों से मिला हुआ है। दरोगा ने उससे जबरन दुष्कर्म की बजाय अश्लीलता की तहरीर लिखवाई और अपनी मर्जी से मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि विरोध करने पर दरोगा ने आंखें दिखाकर डरा-धमका दिया था।
मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान में पीड़िता ने बताई आपबीती
एफआईआर के बाद पुलिस ने पीड़िता के मजिस्ट्रेट केसमक्ष बयान दर्ज कराए। वहां छात्रा ने आपबीती बता दी। पीड़िता ने स्पष्ट कर दिया कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। छात्रा के पिता का कहना है कि पुलिस ने पुनीत को तो जेल भेज दिया, लेकिन दूसरा आरोपी अभी भी खुला घूम रहा है। वह समझौता न करने पर परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दे रहा है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, बेटी ने स्कूल छोड़ा
पिता का कहना है कि वह आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएचओ, सीओ से लेकर एसएसपी कार्यालय तक में गुहार लगा चुके हैं। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी के डर की वजह से उसकी बेटी ने स्कूल तक छोड़ दिया है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि सीओ से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर आगामी कार्रवाई कराई जाएगी। पीड़िता के साथ और कोई ज्यादती नहीं होने दी जाएगी।