रोडरेज में छात्र पर चलाई गोली
गाजियबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में रोडरेज को लेकर छात्र पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र का कहना है कि पहली गोली से से बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने दूसरी गोली चलाई तो वह मिस हो गई। उसके बाद उन्होंने पथराव कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। पीड़ित छात्र की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्रों समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदरपुर गांव निवासी अश्वनी का कहना है कि वह 12वीं कक्षा में पढ़ रहा है। सोमवार को वह 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले अपने ममेरे भाई के साथ खेत पर गया था। दोपहर बाद वह वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव का ही एनडी अपने भाई बाबू और पिता सुंदर के अलावा एक अन्य के साथ रास्ते में खड़ा था। अश्वनी का कहना है कि रास्ता न मिलने पर उन्होंने एनडी व अन्य लोगों को हटने के लिए कहा तो वह तैश में आ गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। अश्वनी के मुताबिक एनडीए ने एकाएक पिस्टल निकाल ली। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसने उस पर फायर झोंक दिया। हालांकि, गनीमत रही कि गोली बगल से गुजरने के कारण वह बाल-बाल बच गया।
दूसरी गोली भी मिस हुई तो कर दिया पथराव
अश्वनी का कहना है कि सुंदर ने अपने बेटे एनडी से दूसरी गोली चलाने के लिए कहा, लेकिन दूसरा फायर मिस हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर पथराव कर दिया। जिसमें वह और उसका ममेरा भाई घायल हो गया। मधुबन बापूधाम एसएचओ अमित खारी का कहना है कि अश्वनी की तहरीर पर एनडी, उसके पिता व भाई समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।