गेट खोलने में देरी होने पर गार्ड पीटा
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के वेव सिटी स्थित ड्रीम होम सोसायटी में दरवाजा खोलने में देरी होने पर कार सवार तीन युवकों ने गार्ड की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि स्थानीय रेजिडेंट्स बीच-बचाव करने आए तो हमलावरों ने दबंगई दिखाते हुए उनके साथ भी मारपीट की। साथ ही गेट पर रखी कुर्सियां भी तोड़ डालीं। हंगामा होने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित गार्ड की तहरीर के आधार केस दर्ज कर कार सवार युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है। दो आरोपी बम्हैटा गांव के रहने वाले हैं।
मसूरी थाना क्षेत्र के मिसलगढ़ी यादव मोहल्ला निवासी श्याम सिंह का कहना है कि वह वेव सिटी स्थित ड्रीम होम सोसायटी में गार्ड की नौकरी करते हैं। रविवार रात उनकी ड्यूटी सोसायटी के निकास द्वार पर लगी थी। इसी दौरान कार सवार युवक आए और हॉर्न बजाने लगे। श्याम का कहना है कि उन्होंने गेट खोल दिया, लेकिन इसके बावजूद कार से बम्हैटा गांव निवासी पुनीत चौधरी और सुशांत अपने एक साथी के साथ उनके पास आए और गेट खोलने में देरी करने का आरोप लगाते हुए मारना-पीटना शुरू कर दिया। वह जान बचाने के लिए भागे तो आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया। श्याम सिंह का कहना है कि इसी बीच स्थानीय रेजिडेंट्स अभय श्रीवास्तव और सुभग ठाकुर बीच-बचाव करने आए तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने गेट पर रखी कुर्सियां भी पटख-पटखकर तोड़ डालीं।
रेजिडेंट की कार की चाबी भी छीनकर ले गए आरोपी
गार्ड श्याम सिंह का कहना है कि स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते वह रेजिडेंट्स सुभग ठाकुर की कार की चाबी छीन कर भी ले गए। मसूरी एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि गार्ड की तहरीर पर बम्हैटा गांव निवासी पुनीत चौधरी, सुशांत और तीसरे अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।