माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिले में एक दिन में अधिक से अधिक टीकाकरण की क्षमता आंकने के लिए आज (मंगलवार) को 163 केंद्रों पर 326 टीमों द्वारा 86 हजार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। तीस हजार लोग ऑनलाइन स्लॉट बुक कर चुके हैं, जबकि 56 हजार लोगों का मौके पर रजिस्ट्रेशन कर टीकाकरण किया जाएगा। मंगलवार के लिए शासन से 76 हजार डोज मिल गई है, जबकि दस हजार डोज पहले से बची हुई है। विभाग का मानना है कि 86 हजार वैक्सीनेशन की तैयारी जा रही है, इसमें कम से कम 76 हजार लोगों का टीकाकरण हो जाएगा।
नगरीय क्षेत्र में 105 व ग्रामीण क्षेत्र में 58 केंद्र
प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नरीज अग्रवाल ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में 105 व ग्रामीण क्षेत्र में 58 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में विभाग ने क्लस्टर योजना के तहत 130 वैक्सीनेशन सेंटर बनाए थे। अब महाअभियान के लिए 33 सेंटर और बढ़ाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार वैक्सीन के दुष्प्रभाव नहीं होने के चलते कहीं भी टीकाकरण किया जा सकता है। इसके चलते जिले में धर्मशाला, स्कूल, मंदिर और सामुदायिक भवनों में भी वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। टीकाकरण के लिए तीन मेडिकल कालेज के प्रशिक्षु नर्स, प्राइवेट अस्पताल का स्टॉफ और एनजीओ की मदद ली जा रही है। लोगों तक टीकाकरण की जानकारी पहुंचाने के लिए आशा, क्षेत्रीय एएनएम, मेडिकल स्टॉफ नगरीय क्षेत्र में पार्षद और ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधानों से संपर्क किया गया है।
केंद्रों पर वैक्सीन न बचाने के निर्देश
मंगलवार को अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जाना है। इसके लिए सीएमओ डॉ भवतोष शंखधार ने सभी टीकाकरण केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया है कि उपलब्ध कराई गई सभी डोज लाभार्थियों को लगाई जानी हैं। एक भी डोज नहीं बचनी चाहिए। सीएमओ ने बताया कि शासन स्तर से यह प्रयास किया जा रहा है कि कम से कम समय अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कर दिया जाए, इसलिए एक दिन में अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण करने के निर्देश हैं। इसके बाद जरूरत पड़ने पर अधिक से अधिक वैक्सीन की डिमांड भी की जा सकेगी।
---------
आशुतोष यादव