सबहेडः सीसीएसयू ने जारी किए सम-सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म, विषम सेमेस्टर के बाद होंगी सम सेमेस्टर की परीक्षाएं
- ऑनलाइन एग्जाम फॉर्म व फीस जमा करने की 15 और कॉलेजों में 16 तक जमा होंगे फॉर्म
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। सीसीएसयू ने सम-सेमेस्टर परीक्षा के मंगलवार को एग्जाम फॉर्म अपलोड कर दिए हैं। विद्यार्थी सम-सेमेस्टर के एग्जाम फॉर्म और ऑनलाइन फीस 15 जून तक भरकर जमा कर सकेंगे। सभी फॉर्म कॉलेजों में जमा करने की 16 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। कोरोना के कारण करीब 70 फ़ीसदी की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं पूर्व में आयोजित हो पाई थीं।
ऐसे में विषम सेमेस्टर की परीक्षा होने या फिर प्रोन्नत करने का शासन स्तर से निर्णय आने के बाद ही सम-सेमेस्टर की तिथियों का ऐलान किया जाएगा। यूजीसी की नई गाइडलाइन आने के बाद परीक्षाओं को लेकर स्थिति और साफ हो जाएगी। शासन और यूजीसी के स्तर से होने वाले निर्णय से पहले ही सीसीएसयू ने एहतियातन एग्जाम फॉर्म भरने की कवायद शुरू कर दी है। एमए, एमएससी, एमकॉम, एलएलबी, एलएलएम, बीएससी कृषि व होम साइंस सहित अन्य पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं।
अभी कॉलेजों की निगाहें शासन स्तर पर विश्वविद्यालय की परीक्षाएं कराने या फिर प्रोन्नत करने के निर्णय पर लगी हुई हैं। इस सप्ताह के आखिर तक मामले में निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर कई छात्र संगठन विश्वविद्यालय की ओर से शुरू की गई एग्जाम फॉर्म प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। छात्र संगठनों का कहना है कि शासन स्तर से परीक्षाओं के आयोजन या फिर प्रोन्नति पर निर्णय होना बाकी है। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से निर्णय से पहले ही एग्जाम फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर विद्यार्थियों को आर्थिक चोट पहुंचाई जा रही है। छात्र संगठन भारतीय क्रांतिकारी समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गांधी का कहना है कि कोरोना महामारी के चलते हर तबका परेशान है। ऐसे में विद्यार्थियों से एग्जाम फीस वसूलना सरासर गलत है। प्रोन्नति पर शासन स्तर से निर्णय होने तक ऑनलाइन एग्जाम फॉर्म भरने की प्रक्रिया को स्थगित रखा जाना चाहिए था।
----------