- आहट होने पर जागे कर्मचारियों ने पीछा किया तो गिरकर लहूलुहान हुआ चोर
- आरोपी को दबोचकर नगर कोतवाली पुलिस के हवाले किया, माल।बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। जिला अस्पताल परिसर में चोर एंबुलेंसकर्मियों के फ्लैट में आ घुसा। नगदी और सामान चोरी कर भागते समेत कर्मचारियों की आंख खुल गईं। उन्होंने पीछा किया तो आरोपी गिरकर घायल हो गया। जिसके बाद उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से चोरी का माल बरामद हो गया है। एम्बुलेंसकर्मी की तहरीर पर केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।..........
अमरोहा निवासी सचिन कुमार, संभल निवासी तेजपाल और इंद्रजीत तथा बिजनौर निवासी स्वराज सिंह और अनिल कुमार जिला एमएमजी अस्पताल में एंबुलेंस कर्मचारी हैं। वह अस्पताल परिसर में ही मिले सरकारी फ्लैट में रहते हैं। सचिन कुमार ने बताया कि सोमवार की रात वह फ्लैट में सो रहे थे। तभी एक चोर फ्लैट में घुस आया और 2600 रुपए की नकदी और कपड़े चोरी करके जाने लगा। इसी दौरान हुई आहट से उनकी आंख खुल गई। जिस पर उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर चोर भागने लगा। जिस पर उन्होंने पकड़ने के लिए उसका पीछा किया तो वह अस्पताल में ही गिरकर घायल हो गया। जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उससे रकम और कपड़े बरामद हुए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। नगर कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि एंबुलेंसकर्मी सचिन कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।