माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लोनी के मेवला भट्टी गांव में चुनाव के दौरान दो पक्षों में मारपीट में घायल युवक का साहिबाबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा था। पीडि़त ने अस्पताल में पहुंचकर दूसरे पक्ष पर आकर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीडि़त ने साहिबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेवला भट्टी गांव के सत्यप्रकाश ने साहिबाबाद थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उनके भाई ईश्वर का चुनाव के दौरान झगड़ा हो गया था। इस पर लोनी थाने में आरोपी पक्ष के चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि उनके भाई का साहिबाबाद के परख अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहां पर महेश पहुंचा और उनके भाई से धमकाते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया। केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पीडि़त ने उन्हें मामले की जानकारी दी। उनकी ओर से साहिबाबाद थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएचओ साहिबाबाद विष्णु कौशिक ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।