अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते सीएफओ और अन्य कर्मचारी
- फोटो : Amar Ujala
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन पर सीएफओ एवं अन्य फायरकर्मियो द्वारा अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही आगामी दिनों में लोगों को जागरूक करने के भी निर्देश दिए हैं।
बुधवार सुबह 8 बजे से फायर स्टेशन पर स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयप्रकाश सिंह, फायर स्टेशन प्रभारी मोहम्मद अरशद एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह में फोटे स्टीकेन नामक जलपोत में आग लग गई थी। जलपोत पर अधिक मात्रा में विस्फोटक, अन्य ज्वलनशील पदार्थ, रूई तथा करोड़ों रुपये का सोना लदा हुआ था। जलपोत पर आग बुझाने के दौरान मुंबई अग्निशमन सेवा के 66 अग्निशमनकर्मियों ने अपने प्राणों की आहूति दे दी थी। अग्निशमन विभाग के इन शहीदों की स्मृति में भारत सरकार द्वारा 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह भी मनाया जाएगा, जिसमें नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आग से बचाव, रोकथाम आदि के विषय में जागरूक किया जाएगा।