बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में बीते दिनों एक युवक की आत्महत्या के मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि युवक को बंधक बनाकर ससुरालीजनों ने मारपीट और गाली-गलौच करते हुए उसका उत्पीड़न किया था, जिसके चलते उसने परेशान होकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। देहात कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात के गांव अकबरपुर निवासी शाहिदा पत्नी इंशाद ने तहरीर देकर बताया कि बीते 21 मार्च को उसके पुत्र अरमान ने आत्महत्या कर ली थी। उसकी ससुराल अगौता के गांव सेगा जगतपुर में थी। बाद में पता चला कि आरोपी ससुरालीजनों के द्वारा उनके पुत्र का उत्पीड़न किया जा रहा था। उसके पुत्र को बंधक बनाकर मारपीट एवं गाली-गलौच की गई। आरोपियों के उत्पीड़न से तंग आकर ही उसके पुत्र द्वारा आत्महत्या की गई थी। पीड़िता ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गुहार लगाई। कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी सरवर, शाकिर, खलील और मदीना पत्नी खलील निवासी गांव सेगा जगतपुर थाना अगौता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली देहात प्रभारी सचिन मलिक ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा चार आरोपियों पर अपने पुत्र का उत्पीड़न करने और उसके चलते पुत्र द्वारा खुदकुशी कर लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।