बुगरासी। कस्बा क्षेत्र के गांव बुकलाना में जुए की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वायरल वीडियों में खुलेआम जुआ चल रहा है और जुए में ही गांव का चौकीदार खड़ा हुआ है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने चौकीदार की भूमिका को जुए में संदिग्ध माना है और इसके लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजी जा रही है। वहीं खुलेआम हो रहे जुए से पुलिस की भी किरकिरी हो रही है।
गांव बुकलाना में चल रहे जुए की वीडियो जमकर वायरल हो रही है। वीडियो में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। जुए में लगाए जा रहे दाव से जुए की स्थिति भी स्पष्ट हो रही है। गांव में किसी भी घटना को रोकने व जुए, शराब जैसे काम में लिप्त लोगों को पकड़ने के लिए गांव-गांव चौकीदार नियुक्त किए हुए हैं। गांव बुकलाना में जिस वीडियो में खुलेआम जुआ हो रहा है उसमें गांव का चौकीदार भी है। चौकीदार ने इस जुए के होने की सूचना तक पुलिस को नहीं दी है। जब वीडियो वायरल हुई तो पुलिस भी हरकत में आ गई। हालांकि अभी तक वीडियो में दिखाई दे रहे किसी भी जुआरी को पुलिस ने नहीं पकड़ा है लेकिन खुलेआम हो रहे इस जुए से पुलिस की बदनामी हो रही है। सीओ अलका सिंह ने बताया कि जुए की वायरल वीडियो में उपस्थित चौकीदार की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं चैकी इंचार्ज सचिन कुमार ने बताया कि अभी जुआरी पकड़ में नहीं आए हैं। जल्द ही पकड़ कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि खुलेआम जुआ होने और उसमें चौकीदार के लिए लिप्त होने पर पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है।