बुलंदशहर। आबकारी विभाग की टीम ने एक सूचना पर हीरापुर स्थित शीरा फर्म पर छापामारी की। आबकारी टीम को मौके पर शीरे की मात्रा के सापेक्ष बिल कम मिले और शीरे की गुणवत्ता भी मानक अनुरूप नहीं मिली। मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि मुखबिर की सूचना पर हीरापुर स्थित वेद एंड कोप फर्म पर छापा मारा गया। वहां, पर मौके पर शीरे की मात्रा की माप की गई, जो बिल के सापेक्ष अधिक पाई गई। नियमानुसार शीरे की मात्रा के हिसाब से ही बिल होने चाहिए थे। इसी तरह बिल के अनुसार शीरे की गुणवत्ता नहीं मिली। इससे राजस्व विभाग के साथ धोखाधड़ी की जा रही थी। मामले में आरोपी अभिषेक अग्रवाल, तुषार अग्रवाल निवासी टीचर्स कालोनी, बुलंदशहर और सुनील कुमार निवासी भलसियाना थाना गढ़मुक्तेश्वर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कोतवाली देहात प्रभारी सचिन मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपी अभिषेक अग्रवाल, तुषार अग्रवाल और सुनील कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और उत्तर प्रदेश शीरा नियंत्रण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।