बुलंदशहर। फोन पर कभी बैंक कर्मचारी बन कर तो कभी सस्ते सामान का लालच देकर लोगों से आनलाइन ठगी करने वालों का शिकार हुए 22 लोगों के आठ लाख 81 हजार रुपये साइबर टीम ने उनके खातों में वापस कराए हैं। खातों में रुपये वापिस आने पर पीड़ित लोगों ने राहत की सांस ली और सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंच कर उनका धन्यवाद किया।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, इन दिनों आन लाइन ठगी का शिकार करने वाला गिरोह सक्रिय है। लोगों को फोन कर उनके बैंक खातों की डिटेल आदि की जानकारी हासिल कर उनके जीवन भर की पूंजी को पलक झपकते ही उड़ा लेते हैं। ऐसे ही गिरोह ने पिछले तीन महीने में जिले के 22 लोगों को अपना शिकार बनाया। इन 22 लोगों के खातों से आठ लाख 81 हजार 1572 रुपये उड़ा लिए। ठगी होते ही इन सभी 22 लोगों ने होशियारी दिखाते हुए तत्काल ही पुलिस से संपर्क किया। सभी 22 लोगों से प्रार्थना पत्र लेकर साइबर सेल इंचार्ज राजीव गौड़ ने अपनी टीम को एक्टिव कर दिया। टीम ने भी बैंक खातों की डिटेल लेकर उस बैंक से संपर्क किया, जिन खातों में लोगों के रुपये ट्रांसफर हुए थे, उन खातों को तुरंत ही फ्रीज करवा कर लोगों के खातों में रुपये वापिस करवाए। एसएसपी ने राजीव गौड़ व उनकी टीम की पीठ थपथपाई। सोमवार को पुलिस आफिस पहुंचे सभी पीड़ितों ने एसएसपी को पुष्प देकर धन्यवाद किया।