माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। दिल्ली वजीराबाद रोड पर भोपुरा तिराहे पर रविवार रात को ऑडी कार सवार युवक स्टंट कर रहे थे। पुलिस ने कार को रोकर सीज कर दिया। कार सवार पांच युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। कार सवार दिल्ली से पसौंडा एक शादी समारोह में जा रहे थे। गाड़ी सीज होने के बाद पैदल ही शादी में गए।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली से एक ऑडी कार में सवार पांच युवक आ रहे थे। रास्ते में दो युवक कार की छत पर और दो युवक कार के दरवाजे खोलकर स्टंट कर रहे थे। रास्ते भर कार में तेज गाना बजाकर स्टंट करते हुए जब वह भोपुरा तिराहे पर पहुंचे तो वहां चेकिंग कर रही टीलामोड़ पुलिस ने पांचों का सवार युवकों को रोक लिया। एसएचओ टीलामोड़ ओमप्रकाश ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आडी कार दिल्ली निवासी भाव्या अग्रवाल के नाम पर है। उसे शाहरुख ने खरीद लिया है। शाहरुख ही उसे चला रहा था। जबकि उसके चार अन्य दोस्त कार में सवार थे। सभी दिल्ली से पसौंड़ा में एक शादी में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। पांचों युवकों को चेतावनी देकर छोड़ा। इसके बाद सभी पैदल ही शादी में शिरकत करने के लिए पहुंचे।