बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक को कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने नगर कोतवाली में आरोपी को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नगर के लक्ष्मी विहार कोर्ट रोड निकट शनि देव मंदिर निवासी दुर्गेश सिंह ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दोनदिन पूर्व उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम वीरेंद्र बताया और उनसे अभद्रता करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी की रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित दुर्गेश सिंह ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी वीरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।