बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र की यमुनापुरम कालोनी में एक महिला को पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने काट लिया। इसकी शिकायत करने पर आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर महिला और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। साथ ही महिला की पुत्री के साथ छेड़छाड़ की गई। देहात पुलिस ने तीन नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली की यमुनापुरम कालोनी निवासी पीड़ित व्यक्ति ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया कि बीते दिनों पड़ोस में ही रहने वाले एक परिवार के पालतू कुत्ते ने उनकी पत्नी को काट लिया। इसकी शिकायत जब पालतू कुत्ते के मालिक से की गई तो वह अभद्रता करने लगे। बाद में आरोपी पक्ष के रविंद्र, तरूण और तुषार ने उनके घर में घुसकर उन्हें व उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान पीड़िता की पुत्री ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करना चाहा तो उसके साथ छेड़छाड़ की गई। आरोपियों द्वारा गाली-गलौच करते हुए हत्या की धमकी दी गई। कोतवाली देहात प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि मामले में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।