बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित आवास-विकास कालोनी प्रथम में चोरों ने भागवत कथा में प्रसाद वितरण के दौरान दो महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी किये जाने का मामला सामने आया है। मामले में नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नही लग सका है।
नगर के आवास-विकास प्रथम कालोनी निवासी वेदप्रकाश शर्मा ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि गत 8 मार्च को महिला दिवस वाले दिन आवास-विकास कालोनी में भागवत कथा का आयोजन किया गया। भागवत कथा के आयोजन के लिए जिला प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। भागवत कथा में प्रसाद वितरण के दौरान महिलाओं ने प्रसाद लेने के लिए भीड़ लगा ली। आरोप है कि कुछ युवकों द्वारा भीड़ का फायदा उठाते हुए पीड़ित वेदप्रकाश शर्मा की पत्नी सुमन शर्मा और प्रमोद पत्नी मुकेश शर्मा के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। इसके बाद प्रसाद बांटने वाला युवक और चेन चोरी करने वाले युवक फरार हो गए। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।