बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र के एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने कारों के व्यापार के नाम पर 19.48 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उसे हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित ने नगर कोतवाली में चार आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
नगर के मोहल्ला किदवई नगर निवासी मोहम्मद अकरम पुत्र निसार ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह मोटर रिपेयरिंग का काम करता है। कुछ साल पहले दुकान पर दूसरे पक्ष के संतोष कुमार श्रीवास्तव निवासी कानपुर अपने साथी राहुल के साथ आए थे। इन लोगों से उसकी अच्छी जान-पहचान हो गई। आरोपियों के द्वारा उसे कारों के व्यापार में रुपये लगाने और मोटा मुनाफा होने का झांसा दिया गया। आरोपियों के झांसे में आकर उसके द्वारा ब्याज पर रुपये लेकर आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में डलवा दिए। इसके अलावा 2.20 लाख रुपये नगद भी दिए। आरोपी संतोष ने अपनी पत्नी तन्मय श्रीवास्तव के बैंक खाते में भी 85 हजार रुपये डलवाए। इस तरह पीड़ित से करीब 19.48 लाख रुपये ठग लिए गए। शक होने पर पीड़ित द्वारा रुपये वापस मांगे गए तो आरोपियों ने चैक दे दिया, जो बाउंस हो गए। शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। नगर पुलिस ने एसपी क्राइम के आदेश पर आरोपी संतोष कुमार श्रीवास्तव, उसकी पत्नी तन्मय श्रीवास्तव, साथी राहुल और उत्तम श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।