बुलंदशहर। नरौरा थाना क्षेत्र में एक वैद्य का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 2.26 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित कार्रवाई की आस लेकर थाने पहुंचा, लेकिन वहां थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने अभद्रता करते हुए भगा दिया। एक माह बाद भी पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज तक कब्जे में नहीं ली गई है, जिससे आरोपी का पता चल सके। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नरौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सत्यपुरी निवासी लोकेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने एसएसपी को पत्र भेजकर बताया कि वह वैद्य का काम करता है। गत 13 फरवरी की दोपहर कुछ रुपये जमा करने के लिए नरौरा स्थित एसबीआई शाखा में गया था। वहां किसी युवक ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसका उसे पता नहीं चल सका। एक मार्च को पासबुक में एंट्री कराने के लिए उसे पता चला कि उसके खाते से करीब 2.26 लाख रुपये कैश और शॉपिंग के माध्यम से निकाल लिए गए हैं। इसके बाद उसने एटीएम कार्ड चैक किया तो उसके बदले होने का पता चला। पीड़ित ने बताया कि उसने थाना नरौरा पहुंचकर शिकायत करनी चाही तो वहां उससे थाना प्रभारी, एक दरोगा एवं अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्रता करते हुए कार्रवाई नहीं की गई। उसे ही जेल भेजने की धमकी देकर थाने से भगा दिया गया। पीड़ित ने बताया कि अभी तक थाना पुलिस द्वारा एटीएम की सीसीटीवी फुटेज तक कब्जे में नहीं ली गई है, जिससे आरोपी का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जा सके। पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही थाना पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।