- जिला पंचायत सभागार में हुई पंचायत चुनाव के लिए प्रथम ट्रेनिंग
- गैर हाजिर आरओ और एआरओ पर की जाएगी कार्रवाई
बुलंदशहर। पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आरओ और एआरओ का प्रथम प्रशिक्षण हुआ। ट्रेनिंग के दौरान तीन आरओ और 28 एआरओ अनुपस्थित रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने गैर हाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को जिला पंचायत सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन रवीन्द्र कुमार की उपस्थिति में निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों को प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। आरओ और एआरओ को तीन पालियों में प्रशिक्षण दिया गया। सभी अधिकारियों को चुनाव से संबंधित जानकारियां विस्तार से दी गईं। बुधवार को 40 आरओ और 495 एआरओ को प्रशिक्षण दिया जाना था। जिनमें से 3 आरओ और 28 एआरओ अनुपस्थित रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध विधिक प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि अब सभी अनुपस्थित अधिकारियों का 17 मार्च 2021 को जिला पंचायत सभागार में निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।