माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। खोड़ा और कौशांबी थाना क्षेत्र में चोरों ने दो अलग अलग स्थानों पर बंद घरों का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये का माल साफ कर दिया। घटना के दौरान पीडि़त परिवार बाहर गया था। खोड़ा निवासी पीडि़त का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। वहीं कौशांबी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खोड़ा थाना क्षेत्र के प्रेम विहार में शफीक अहमद परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह करीब 15 दिन पूर्व परिवार समेत अपने गांव सुल्तानपुर गए थे। शुक्रवार को पड़ोसियों ने मेन गेट की कुंडी और ताला टूटा देखकर पीडि़त को कॉल कर जानकारी दी। पीडि़त ने पड़ोसियों को अंदर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी अंदर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। लैपटाप, एलईडी समेत अन्य सामान गायब था। रात में शफीक बेटे सुल्तान अहमद के साथ खोड़ा पहुंचे और थाने पहुंचकर मामले में शिकायत की। पीडि़त का आरोप है कि पुलिस ने मामले में सुनवाई नहीं की। उधर कौशांबी थाना क्षेत्र के भोवापुर में सबीना पति, भाई और भाभी के साथ रहती हैं। शुक्रवार सुबह सभी अपने-अपने काम पर चले गए। शाम करीब साढ़े पांच बजे सबीना घर पहुंची तो मेनगेट का ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। उनमें रखे करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर और नकदी गायब थे। उन्होंने कौशांबी थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी। सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़कर घटना का अनावरण किया जाएगा।