संवाद न्यूज़ एजेंसी
बुलंदशहर। डीएम रविन्द्र कुमार मुख्यमंत्री विकास प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं 50 लाख से अधिक लागत के कार्यों की समीक्षा बैठक की । बैठक में उन्होंने उप्र राज्य निर्माण निगम लिमिटेड, प्रखंड द्वितीय अलीगढ़ द्वारा काम शुरू नहीं करने पर अधिशासी अभियंता के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। साथ ही उनसे डीएम ने स्पष्टीकरण तलब किया है।
डीएम ने स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही निर्देश दिया कि छात्रावास चौगानपुर, जयरामपुर, शिकारपुर और पहासू का निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारम्भ करा दिया जाए। डीएम ने वृहद गौ संरक्षण केन्द्र ग्राम भोखेड़ा और वेदरामपुर का निर्माण कार्य निर्धारित समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए। राजकीय कृषि विद्यालय में कृषक प्रशिक्षण छात्रावास का निर्माण धीमी गति से होने पर असंतोष व्यक्त किया। चोला चौकी को उच्चीकृत कर थाना चोला का निर्माण और तहसील स्याना में अग्निशमन केन्द्र का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करने को कहा है। इसके अलावा ग्राम औरंगाबाद अहीर में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कार्य आगामी जून माह तक पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं। चिकित्सा विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि प्रत्येक आरोग्य मेले में जनपद स्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करें। कन्या सुमंगला योजना की समीक्षा करने पर कम प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में नामांकित बालिकाओं का डाटा तैयार करने को कहा। बैठक में सीडीओ अभिषेक पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।