संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन के तहत गांव गांव में घर घर तक इंटरनेट पहुंचने की सरकार की योजना है। शुक्रवार को डीएम रविन्द्र कुमार ने नेशनल ब्रॉडबैंड मिशन की कार्य समीक्षा की। जिसमे उन्होंने कार्यदायी संस्था को एक माह के भीतर सभी ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा प्रारम्भ करने का आदेश है।
डीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि जनपद में 872 ग्राम पंचायतों में उच्च बैण्डविड्थ की इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए वायर आदि डालने का कार्य पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में 616 ग्राम पंचायतों में राउटर (वाईफाई) स्थापित कर हुए इंटरनेट सेवा संचालित की जा रही है। डीएम ने कहा कि बाकी बची ग्राम पंचायतों में एक माह के भीतर राउटर लगाकर इंटरनेट सेवा शुरू कर दी जाए। इसके साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में राउटर स्थापित किए गए हैं, उनकी सूची उपलब्ध की जाए। डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा का सत्यापन भी करें। बैठक में जनपद में सभी सीएससी संचालकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों के नि:शुल्क गोल्डन कार्ड बनाने को निर्देशित किया। बैठक में सीडीओ अभिषेक पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।