इंदिरापुरम में आज जीडीए चलाएगा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
- अहिंसाखंड, ज्ञानखंड या न्यायखंड से मिल रही अतिक्रमण की शिकायत
- जीडीए ने कार्रवाई के लिए तैयार की प्रक्रिया
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम इंदिरापुरम में सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए बृहस्पतिवार को अभियान चलाएगी। सुबह से शाम तक मुख्य और अंदरुनी सड़क पर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने इसके लिए तीन इलाकों को चयन कर किसी एक में कार्रवाई की रणनीति तैयार की है।
जीडीए के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि इंदिरापुरम के मुख्य रास्तों पर अतिक्रमण होने की शिकायत लगातार मिल रही हैं। उन्हें हटाकर रास्ता चौड़ा करने की योजना तैयार हुई है। इसके लिए प्रत्येक बृहस्पतिवार को अभियान चलाने की तैयारी पूर्व से निर्धारित है। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम के अहिंसाखंड, ज्ञानखंड और न्यायखंड में जगह-जगह अतिक्रमण होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में तीनों इलाकों को चिन्हित कर इनमें से किसी भी इलाके में औचक कार्रवाई शुरू की जाएगी। सुबह दस बजे से टीम अपनी कार्रवाई शुरू करेगी और इस दौरान जीडीए व इंदिरापुरम थाने की पुलिस भी मौजूद रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर जो भी अतिक्रमण करता पाया जाएगा उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा।
-----------------------------
सुमित कुमार