नाले-नाली ओवरफ्लो से नहीं मिल रही निजात
- तुलसी निकेतन इलाके में बुधवार सुबह जलभराव से लोग हुए परेशान
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। तुलसी निकेतन में जलभराव की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बुधवार सुबह भी इलाके की गलियों में जलभराव से लोग परेशान रहे। लोगों को आने जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। पंप नहीं चलने की वजह से नाले नालियां ओवरफ्लो होने के चलते यह समस्या उत्पन्न हो रही है।
लोगों का कहना है कि इलाके में गगन विहार इलाके में नाले का निर्माण हो रहा है। इलाके के नाले और नालियों के पानी की निकासी आगे नहीं हो पा रही है। पंप लगकर नाले की पानी की निकासी की व्यवस्था की गई है लेकिन आए दिन पंप बंद रहता है। इसकी वजह से पानी की निकासी नहीं होती और नाले नालियां ओवरफ्लो हो जाती है। गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। बुधवार सुबह पंप नहीं चलने की वजह से नाले नाली ओवरफ्लो हो गए और गंदा पानी सड़क पर भर गया। लोग लगातार जीडीए से शिकायत कर रहे हैं लेकिन समस्या का हल नहीं निकल रहा है।