बुलंदशहर। आगामी पंचायत चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस की तैयारियां जोरों पर हैं। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण की बैठक कर थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए कई दिशा-निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर थाना प्रभारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसएसपी द्वारा सिटी सर्किल के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति/जनजाति उत्पीड़न, अनावरण को शेष डकैती, लूट, हत्या आदि के पंजीकृत मामलों की समीक्षा की। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शासन एवं उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका शत-प्रतिशत अनुपालन कराने, लंबित विवेचनाओं, अपराधों पर प्रभावी अकुंश लगाने, जिला कारगार में निरूद्ध अपराधियों की मॉनिटरिंग करने व जनता की समस्याओं का शीघ्रतम निस्तारण करने, हिस्ट्रीशीटरों व टॉप-10 अपराधियों पर सतर्क निगरानी रखने एवं वांछित/वारंटियो की अधिक से अधिक गिरफ्तारी करने आदि के लिए निर्देशित किया। एसएसपी ने कहा कि जिले में पुलिस की छवि व्यवहार कुशल बनाए रखा जाए। आगामी
पंचायत चुनाव के मतदान को निष्पक्ष, सकुशल एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शस्त्र सत्यापन एवं उनके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी के अलावा सीओ सिटी संग्राम सिंह, सीओ स्याना अलका समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।