फोटो सहित
----
महंगे डीजल से बाहर से आने वाली सब्जियों के चढ़े दाम
- जिले में गुजरात, देहरादून, नासिक, इंदौर से आती हैं कई सब्जियां
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी का असर अब सब्जियों पर दिख रहा है। खासकर दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां मालभाड़ा बढ़ने से महंगी हो चली हैं। ट्रांसपोर्टरों ने डीजल महंगा होने के बाद एक से दो रुपए प्रतिकिलो भाड़ा अधिक कर दिया है। मंडी कारोबारियों का कहना है कि पिछले चार दिनों में कुछ सब्जी की आवक पर भी असर पड़ा है।
साहिबाबाद सब्जी मंडी, पुराना बस अड्डा सब्जी मंडी में गुजरात, नासिक, इंदौर, शिमला, देहरादून से सब्जियों की आवक है। थोक कारोबारी ऋषिपाल यादव ने बताया कि कुछ राज्यों में ट्रांसपोर्ट कंपनियों ने माल भाड़ा बढ़ाया है, जिसका असर सब्जियों पर दिख रहा है। थोक के अलावा फुटकर बाजार में सब्जियों के दाम बढ़े हैं। सब्जियों पर दाम बढ़ने का असर लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है। सब्जियों के अलावा अन्य खाद्य उत्पाद और जरूरत की वस्तुओं पर दाम बढ़ने से घरों का बजट गड़बड़ा गया है।
----
50 से 60 रुपए प्रतिकिलो तक बिक रहा है गुजरात का नींबू:
जिले में गुजरात से नींबू की आवक होती है। पिछले दिनों 40 रुपए किलो तक बिक रहा नींबू अब थोक में 50 से 60 रुपए किलो तक पहुंच गया है। इसी तरह प्याज के दामों में भी लगातार बढोत्तरी जारी है। जिले में इंदौर और नासिक से प्याज की आवक है।
-----
मंडी में आवक भी घटी:
इंदौर और नासिक से प्याज, शिमला, देहरादून से शिमला मिर्च, ब्रोकली, गुजरात से नींबू की आवक भी 30 फीसद तक घटी है। मंडी कारोबारियों का कहना है कि बढ़े माल भाड़े पर सब्जी को भेजना महंगा पड़ रहा है। कारोबारियों ने मार्च में आसपास के शहरों से नई फसल आने के बाद रेट कम होने की संभावना जाहिर की है। फलों के दामों में फिलहाल किसी तरह की बढ़ोत्तरी अभी नहीं की गई है।
-----
सब्जियों के थोक में प्रति किलो दाम:
--------------------------
सब्जी चार दिन पहले के दाम। वर्तमान दाम
भिंडी 45 से 50 70 से 80
करेला 50 से 60 70 से 80
प्याज 40 से 45 50 से 55
अरबी 35 से 40 45 से 50
नींबू 40 से 45 50 से 60
ब्रोकली 25 से 30 35 से 40
------