माई सिटी रिपोर्टर
ग़ाज़ियाबाद। आर्थिक तंगी से परेशान अभिभावकों की समस्या को लेकर गाजियाबाद पैरेंट्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मिलेगा। एसोसिएशन की ओर से प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा गया है।
एसोसिएशन की अध्यक्ष सीमा त्यागी ने बताया कि कोविड-19
महामारी के चलते अभिभावक आर्थिक दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद 11 महीने बंद रहे स्कूल लगातार अभिभावकों पर पूरी फीस जमा करने का दबाब बना रहे हैं।
जबकि पढ़ाई ऑनलाइन हुई थी। निजी स्कूलों के पास करोड़ों रुपये का सरप्लस फण्ड मौजूद है। उसके बाद भी स्कूल फ़ीस जमा ना करने वाले बच्चों को ऑनलाइन क्लास से वंचित कर रहे हैं। नाम काटने की भी धमकी दे रहे हैं। अभिभावक ऑनलाइन क्लास की उचित फीस देने के लिए तैयार है। प्रदेश सरकार को अलग-अलग माध्यमों से लगातार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सच्चाई ये है कि ज्यादातर निजी स्कूल राजनीति से जुड़े लोगों के ही है। जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारी अत्यंत दबाव में है, जिससे अभिभावकों की समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
हमने इसको लेकर प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है।
------