- गत 14 फरवरी को बाइक और स्कूटी में हुए सड़क हादसे में हुआ था घायल
- परिजनों में मचा कोहराम, अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में हजरतपुर बंबे के निकट गत १४ फरवरी को सड़क हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले में अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर कलां निवासी विजेंद्र पुत्र बाबूलाल ने देहात कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें उसने बताया कि गत १४ फरवरी को उसका भाई अजय किसी काम से जहांगीराबाद क्षेत्र में बाइक से गया था। जहां से वह बाइक से ही वापस लौट रहा था। बताया गया कि जब वह नई मंडी चौकी क्षेत्र में हजरतपुर बंबे के निकट पहुंचा तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। अजय की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी विवेक शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात स्कूटी सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही उसकी शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।