बुलंदशहर। एसएसपी आफिस में शुक्रवार दोपहर को दर्जनों अधिवक्ता प्रदर्शन करते हुए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसपी क्राइम पर दो दिन पूर्व कुछ अधिवक्ताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने उन्हें निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार दोपहर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुमन कुमार राघव के नेतृत्व में पुलिस आफिस पहुंचे अधिवक्ताओं ने एसपी क्राइम कमलेश बहादुर द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई। एसएसपी को बताया कि, दो दिन पहले जब अधिवक्ता उनके कार्यालय आए तो वहां एसपी क्राइम मौजूद थे। अधिवक्ताओं के जाते ही पीछे से बोले कि, जिले में अधिवक्ताओं की दबंगई है, जिसे मैं ही खत्म करूंगा। अधिवक्ता सुमन कुमार राघव ने बताया कि वकीलों को लेकर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने कहा एसपी क्राइम बेहद सुलझे अधिकारी है, जो ऐसा नहीं कर सकते। इसी बीच एसपी क्राइम भी वहां पहुंच गए। उन्हें देख अधिवक्ताओं ने मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। अधिवक्ताओं ने एसपी क्राइम के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दावा करने की बात कही, इस पर एसएसपी ने आश्वासन दिया कि वह सीसीटीवी फुटेज को चेक करवाएंगे। साथ ही अधिवक्ताओं ने दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान नरेश नागर, गिरीश कुमार पाठक, दलेल सिंह, संतोष राघव, शैलेंद्र सिंह तथा भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
उस दौरान मौजूद थे कई लोग
अधिवक्ताओं ने बताया कि जिस वक्त एसपी क्राइम के द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया उस दौरान वहां कई लोग मौजूद थे। अधिवक्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।