बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी पुलिस ने शुक्रवार शाम को दो शातिर मोबाइल चोर और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दो आरेापियों को धर दबोचा है। जिनके पास से कुल 12 मोबाइल फोन चोरी और छिनैती के बरामद किए हैं। चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
देहात कोतवाल विवेक शर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम को नई मंडी चौकी प्रभारी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि चोरी के मोबाइल खरीदने वाले दो आरोपी जुलेपुरा रोड पर बंबे के निकट मौजूद हैं। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जिनकी शिनाख्त सतेंद्र और सूरज निवासीगण गांव हीरापुर थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। आरोपियों के पास से दो चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो शातिर मोबाइल चोरी करने वाले और छिनैती करने वाले आरोपियों को भी पकड़ लिया। जिनकी शिनाख्त अनिल निवासी हीरापुर थाना कोतवाली देहात और अमन उर्फ आकाश निवासी बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ के रूप में हुई। आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।