बुलंदशहर। कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन में शनिवार को भाकियू के श्ीर्ष नेतृत्व ने प्रत्येक जनपदों में चक्का जाम का एलान किया था। शुक्रवार को हाईकमान ने चक्का जाम को स्थगित कर दिया है। अब शनिवार को भाकियू पदाधिकारी डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। माना जा रहा है कि आंदोलन में राजनैतिक दलों के शामिल होने की आशंका के चलते चक्का जाम को स्थगित किया गया है।
गौरतलब है कि बीते दिनों भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने किसानों से उनके क्षेत्र में चक्का जाम करने की अपील की थी। भाकियू के एनसीआर महासचिव मांगेराम त्यागी ने बीते दिनों बताया था कि चक्का जाम के लिए जनपद को सात सेक्टर और 15 ब्लॉक में बांटा गया है, इन स्थानों पर छह फरवरी को चक्का जाम किया जाना था। जिसकी तैयारियां चल रही थीं। वहीं, अब मांगेराम त्यागी ने शुक्रवार राजेबाबू पार्क के सामने बैठक कर बताया कि हाईकमान ने चक्का जाम को स्थगित कर दिया है। शनिवार को भाकियू के 11 पदाधिकारी अब कलक्टे्रट पहुंच कर डीएम को एक ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं, भाकियू के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चक्का जाम में अन्य राजनैतिक दलों के शामिल होने और माहौल बिगडऩे की आशंका के चलते हाईकमान ने यह निर्णय लिया है। हालांकि, इस बाबत कोई खुलकर नहीं बोल रहा है।